Home उत्तर प्रदेश जघन्य अपराधों में संलिप्त गैंग्स पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 आरोपितों...

जघन्य अपराधों में संलिप्त गैंग्स पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत 6 मुकदमे दर्ज

6 से 7 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, अन्य पर इनाम घोषित कर गिरफ्तारी की तैयारी: एसपी अभिमन्यु मांगलिक

FATEHPUR NEWS: जिले में जघन्य अपराधों में संलिप्त विभिन्न गैंग्स के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थानों में गैंगस्टर एक्ट के तहत छह मुकदमे दर्ज किए हैं। इन मामलों में कुल 24 अभियुक्तों को नामजद किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जिलाधिकारी के अनुमोदन के उपरांत गैंग्स के आपराधिक इतिहास के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि काफी समय से विभिन्न गैंग्स द्वारा अलग-अलग जघन्य अपराध किए जा रहे थे। उनके आपराधिक इतिहास, गतिविधियों एवं मुकदमों का परीक्षण करने के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न थानों में कुल छह मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें 24 अभियुक्त शामिल हैं। एसपी के अनुसार, इनमें से कुछ अभियुक्त अपने मूल आपराधिक मामलों में पहले से जेल में निरुद्ध हैं, जबकि करीब 6 से 7 अभियुक्तों को हाल ही में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस द्वारा शेष फरार एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी गई है। अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट किया कि जो भी आरोपी अभी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उन पर इनाम राशि घोषित की जाएगी और शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि गैंगस्टर एक्ट के तहत की जा रही यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण और संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।