KAUSHAMBI NEWS: सैनी थाना क्षेत्र के गुलामीपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे परवल लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। कोलकाता से दिल्ली जा रहा ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदा परवल सड़क पर बिखर गया, जिससे कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक के पलटते ही हाईवे वाहनों की लंबी कतार लग गई। कानपुर से प्रयागराज जाने वाला मार्ग करीब आधे घंटे तक बाधित रहा। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय ट्रक के आगे-पीछे कोई अन्य वाहन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में चालक रत्नेश और सहचालक अवनीश सुरक्षित बच गए। दोनों एटा जनपद के थाना महरेड़ा के समोथर गांव के निवासी बताए गए हैं। चालक रत्नेश ने बताया कि वह बुधवार शाम करीब 5 बजे कोलकाता से ट्रक में परवल लादकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। गुरुवार सुबह गुलामीपुर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह दुर्घटना हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, सैनी थाना पुलिस, सीसी टीम तथा एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे से ट्रक हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया।







