SHAHGANJ/JAUNPUR NEWS: नगर के अयोध्या मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, प्राइवेट बस (संख्या BR 21 P 9173) दिल्ली से यात्रियों को लेकर बलिया जा रही थी। बस में करीब 24 यात्री सवार थे। जैसे ही बस अयोध्या मार्ग स्थित नवनिर्मित रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट संख्या दो के पास पहुंची, चालक ने सड़क किनारे खड़ी गेहूं लदी ट्रक (UP 62 T 2456) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक आगे खड़ी डीसीएम (UP 62 T 6007) से जा भिड़ा और पास की गुमटी में घुस गया। हादसे के दौरान ट्रक के पास खड़े डीसीएम चालक सुनील यादव (निवासी कटघर, थाना सरपतहां) बस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे में बस सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महेश कुमार, छोटेलाल यादव, सुरेश यादव, दुर्गावती देवी तथा बस कंडक्टर वसीम शामिल हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े बेतरतीब वाहनों को माना जा रहा है।







