Home उत्तर प्रदेश अधिवक्ताओं पर हो रहे अत्याचार एवं पुलिसिया उत्पीड़न के लिए योगी सरकार...

अधिवक्ताओं पर हो रहे अत्याचार एवं पुलिसिया उत्पीड़न के लिए योगी सरकार जिम्मेदार: सुनील पांडे

MIRZAPUR NEWS: उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैंबर मनमाने ढंग से तोड़ने और अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग को लेकर बुधवार को आम आदमी पार्टी विधि प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ मनोज कुमार सोनकर एडवोकेट के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (वित्त) को सौंपते हुए अधिवक्ता सम्मान की रक्षा की मांग की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने कहा कि योगी राज में अधिवक्ता समाज का लगातार दमन और उत्पीड़न किया जा रहा है। चाहे लखनऊ हो या मिर्जापुर, प्रदेश के हर जिले में पुलिस के बल पर अधिवक्ताओं को दबाने का कार्य किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने योगी सरकार को अधिवक्ता विरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं के खिलाफ पुलिसिया उत्पीड़न की कार्रवाई लगातार जारी है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी अधिवक्ता समाज के साथ खड़ी है। कमिश्नरी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल शंकर दुबे एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ता हित के लिए समाज किसी भी हद तक जा सकता है। प्रदेश में लगातार हो रही पुलिसिया उत्पीड़न की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम सब मिलकर अधिवक्ता समाज के मान-सम्मान की रक्षा करेंगे। विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सोनकर एडवोकेट ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए, जिससे अधिवक्ताओं पर हो रहे पुलिसिया उत्पीड़न की घटनाओं पर अंकुश लग सके। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर जिस प्रकार पुलिसिया दमन किया गया, उसे अधिवक्ता समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से नगर अध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ राकेश वर्मा, राजेश कुमार कौशल, शिव शंकर एडवोकेट, रमाकांत तिवारी एडवोकेट, प्रेम बाबू एडवोकेट, इंद्र बहादुर यादव एडवोकेट, सुनील कुमार एडवोकेट, सूर्य प्रकाश एडवोकेट, राजेंद्र प्रसाद दुबे एडवोकेट, विष्णु सागर पांडे एडवोकेट, राकेश मौर्य एडवोकेट सहित दर्जनों अधिवक्ता शामिल रहे।