ज्वालागंज चौराहा का नाम बदलकर ‘वंदे मातरम चौराहा’ घोषित करने की उठाई मांग
FATEHPUR NEWS: विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रदीप गर्ग के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए जनपद के एक प्रमुख चौराहे का नाम “वंदे मातरम चौराहा” घोषित किए जाने की मांग की। संगठन ने ज्वालागंज चौराहा का नाम बदलकर “वंदे मातरम चौराहा” किए जाने का प्रस्ताव रखा। ज्ञापन में कहा गया कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रेरणा स्रोत एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप वंदे मातरम गीत की 151वीं वर्षगांठ तथा अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु के 95वें शहादत दिवस के अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में एक प्रमुख चौराहे का नाम “वंदे मातरम चौराहा” रखने का प्रस्ताव किया गया है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि “वंदे मातरम” केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा है। इस उद्घोष ने स्वतंत्रता सेनानियों में देशप्रेम, साहस और बलिदान की भावना को जागृत किया, जिसके प्रभाव से अनेक वीर सपूतों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। आज भी यह उद्घोष देशवासियों में ऊर्जा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करता है। विश्व हिंदू महासंघ ने प्रशासन से आग्रह किया कि जनपद के ज्वालागंज चौराहा को “वंदे मातरम चौराहा” घोषित किया जाए, जिससे यह स्थल शहीदों की स्मृति और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बन सके। साथ ही संगठन ने यह भी प्रस्ताव रखा कि चौराहे को शहीदों के चित्र, तिरंगा ध्वज, यातायात संकेतक, भारत माता के चित्र एवं वंदे मातरम गीत की पट्टिका आदि से सज्जित किया जाएगा। इस दौरान जिला प्रभारी अभय गुप्ता, शिवम सोनी, अभिनव यादव, शालिनी गुप्ता, रागिनी सिंह, अजय गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







