डीएम निधि गुप्ता वत्स बोलीं— विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने में उद्यमियों की होगी अहम भूमिका
FATEHPUR NEWS: अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर शनिवार को विकास भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में जिले के उद्यमियों, लाभार्थियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण स्वीकृति के प्रतीकात्मक चेक तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता और कौशल के अनुरूप उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से संभव है। हर व्यक्ति यदि अपनी योग्यता और मेहनत के बल पर रोजगार और उद्यम के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा तो देश आर्थिक रूप से मजबूत होगा। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार अपनाने और रोजगार सृजित करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि फतेहपुर एक आकांक्षी जनपद है और जब जनपद विकास करेगा तभी उत्तर प्रदेश आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 25 प्रतिशत आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है, इसलिए प्रदेश का आर्थिक विकास विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने उद्यमियों से अपने व्यवसाय को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ उद्यमी गोविन्द बाबू टाटा एवं प्रदीप गर्ग ने अपने उद्यमिता के अनुभव साझा करते हुए नए उद्यमियों को प्रेरित किया। उन्होंने व्यवसाय में आने वाली चुनौतियों और सफलता के अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को आत्मविश्वास के साथ उद्योग स्थापित करने का संदेश दिया। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण सहायता योजना, ओडीओपी टूल किट योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, अन्य पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रशिक्षण योजना तथा एक जनपद एक व्यंजन योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत चयनित लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत विभिन्न ट्रेडों के लाभार्थियों को टूल किट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उपायुक्त उद्योग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिक मौजूद रहे।
Home उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर उद्यमियों का हुआ सम्मान, लाभार्थियों को मिले चेक...







