KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के समीप शुक्रवार सुबह घरेलू एलपीजी सिलेंडर लदे ट्रक से पीछे से टकराने पर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे सड़क किनारे सुरक्षित पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल निवासी स्माइल शेख पुत्र अशरफुल शेख दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे प्रयागराज की ओर जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही शहजादपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल के स्वजनों को सूचना दे दी है। प्रभारी शहजादपुर चौकी जनार्दन सिंह ने बताया कि घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है व पुलिस मामले की जांच कर रही है।







