राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने नवसदस्यों को पहनाई गुलाबी साड़ी व सौंपे आईडी कार्ड, महिलाओं की एकजुटता को बताया सबसे बड़ी ताकत
FATEHPUR NEWS: जनपद के हसवा ब्लॉक अंतर्गत बेर्राव गांव में शनिवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक जनसंगठन द्वारा भव्य संगठन विस्तार एवं सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बहुआ, असोथर और हसवा ब्लॉक के विभिन्न गांवों से सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेते हुए संगठन की सदस्यता ग्रहण की और सच्चाई, न्याय तथा जनसेवा की राह पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संगठन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल रहीं। उनके आगमन पर ग्रामीण महिलाओं एवं ग्रामवासियों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नवगठित महिला सदस्यों को संगठन की आधिकारिक पहचान स्वरूप गुलाबी साड़ी एवं आईडी कार्ड प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। महिलाओं को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि समाज में बदलाव तभी संभव है, जब महिलाएं संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों। उन्होंने कहा, “एकता में ही सबसे बड़ी शक्ति होती है। जब महिलाएं एकजुट होकर आगे बढ़ती हैं तो बड़ी से बड़ी चुनौतियों का समाधान संभव हो जाता है। आज गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक से जुड़कर महिलाएं अपने अधिकारों को पहचान रही हैं और समाज में सम्मानपूर्वक अपनी भूमिका निभाने के लिए आगे आ रही हैं। संगठन का लगातार बढ़ता कारवां इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं अब अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने महिलाओं के साथ-साथ उनके परिवारों, विशेषकर पतियों और परिजनों की भी सराहना करते हुए कहा कि जो परिवार अपनी बेटियों और बहुओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं, वे समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने ऐसे सभी परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण पूरे समाज के विकास का आधार है। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि संगठन जल्द ही ठोस रणनीति बनाकर संबंधित ब्लॉक, तहसील, जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों से वार्ता करेगा, ताकि स्थानीय समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान कराया जा सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय आयोजक संगीता देवी एवं कुशमा देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दोनों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। विशाल सदस्यता अभियान में सरकी, रमवा पंथुवा, बेर्राव, मीरापुर, कुसुम्भी, रमवा, रामपुर, कन्धीया, गाजीपुर और करसवा सहित तीनों ब्लॉकों के विभिन्न गांवों से महिलाएं शामिल हुईं। सदस्यता ग्रहण करने वाली प्रमुख महिलाओं में मनीषा, चन्द्ररेखा, शांति, विमला, रूबी, नीतू, माया, ज्योति, रेनू, मंजू, अंजना, सुमन, आरती, प्रियंका, रंजना, माधुरी, रानी और अर्चना सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने संगठन से जुड़कर न्याय, समानता और जनसेवा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर संगठन के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों और महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक आगे भी महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों पर इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।







