PRAYAGRAJ NEWS: तहसील करछना में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 244 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण अभियान के तहत 3 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 2 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने तथा राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान कई मामलों में अवैध कब्जे हटाने, नालियों एवं चकमार्गों का सीमांकन कराने तथा राजस्व विवादों पर मौके पर कार्रवाई की गई। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी करछना तपन मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







