Home उत्तर प्रदेश सड़क और बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा...

सड़क और बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खेसहन के ग्रामीणों ने सड़क और बिजली की गंभीर समस्या को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मुख्य मार्ग जर्जर होने के साथ-साथ गांव में पिछले दो माह से बिजली आपूर्ति भी बाधित है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे सुरेश पुत्र राम सजीवन निवासी मोहल्ला टिकुरिया ने बताया कि हरिजन मोहल्ला के पास से लेकर कैरा सिंह के घर तक जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस का पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले दो माह से बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है और छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण रात में भोजन बनाने और अन्य दैनिक कार्यों में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार स्थानीय विद्युत विभाग और उपखंड अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा गांव की विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में राम प्रताप पाल (पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी), शैलेश, सुरेश, बलजीत, ननकऊ, मोहन, रोशन, राम प्रताप, शिवबली, बिजरनिया, सुनील, मोनू, सोनू, रेनू, हसीना बेगम, शेख हसीना, रोशन सहित ग्राम खेसहन के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।