एसडीएम की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, अधिकारियों को निस्तारण के दिए निर्देश
PRAYAGRAJ NEWS: शनिवार को तहसील कोरांव के सभागार में एसडीएम संदीप तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 333 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। प्राप्त शिकायतों में राजस्व से जुड़ी पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया शेष अन्य सभी शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक राजस्व विभाग की शिकायतें मिली। राजस्व की 125 शिकायतें तो पुलिस विभाग की 65, विकास विभाग की 35, शिक्षा विभाग की दो, स्वास्थ्य विभाग की एक, समाज कल्याण विभाग की दो एवं कुल 103 शिकायतें अन्य विभागों की दर्ज कराई गई। संपूर्ण समाधान दिवस में नायब तहसीलदार रणविजय सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत विवेक कुमार मिश्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव के अधीक्षक डॉ के बी सिंह, थाना प्रभारी कोरांव सत्येंद्र कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने शिकायतें सुनी और निस्तारित करने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागों की प्राप्त शिकायतों का समय पर निस्तारण करें। जिन विभागों में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाएगी उन विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सिंचाई, कृषि एवं विकास विभाग से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







