टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला बल
JAUNPUR NRWS: राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विश्व रेड क्रॉस दिवस पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जौनपुर द्वारा 25 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम का आयोजन रेड क्रॉस भवन, राजकीय लीलावती महिला चिकित्सालय परिसर में “मानव बंधुत्व” थीम के तहत किया गया। कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल सिंह यादव, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. राजीव कुमार एवं डॉ. मनोज वत्स सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल सिंह यादव ने टीबी मरीजों के उपचार में पोषण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में एचएलएफपीपीटी संस्था (प्रोजेक्ट सशक्ति) के माध्यम से आयुष, नीमा, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञों ने टीबी रोग की पहचान, बचाव और उपचार को लेकर चिकित्सकों को संवेदनशील बनाया।







