Home उत्तर प्रदेश रिकॉर्ड समय में घोषित हुआ यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का परिणाम, वंदना...

रिकॉर्ड समय में घोषित हुआ यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का परिणाम, वंदना सिंह ने किया टॉप

JHANSI NEWS: बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने माननीय राज्य मंत्री रजनी तिवारी की उपस्थिति में परिणाम जारी किया। इस वर्ष प्रदेश के 72 जिलों में 1011 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 4,44,958 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा दो पालियों में 31 मई 2026 को सम्पन्न हुई। प्रथम पाली में 4,00,499 तथा द्वितीय पाली में 4,00,756 अभ्यर्थी शामिल हुए। कुल उपस्थिति लगभग 90 प्रतिशत रही। कासगंज और पीलीभीत में सर्वाधिक 95 प्रतिशत तथा गाजियाबाद एवं गौतमबुद्ध नगर में सबसे कम 84 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। झांसी जिले में 86 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। विश्वविद्यालय ने पहली बार अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (ICCC), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेस रिकग्निशन, रियल टाइम बायोमेट्रिक अटेंडेंस, 22 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों और 5651 बायोमेट्रिक मशीनों का उपयोग कर परीक्षा की निगरानी की। प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और गोपनीयता के साथ सम्पन्न कराया गया। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए गए चार अभ्यर्थियों का परिणाम निरस्त कर दिया गया। मूल्यांकन प्रक्रिया की जांच के बाद परीक्षाफल समिति ने कंप्यूटर आधारित मूल्यांकन और मैन्युअल सत्यापन को पूर्णतः सही पाया। परिणाम के अनुसार कुल 4,00,107 अभ्यर्थियों को रैंक जारी की गई। इनमें 2,46,494 महिला, 1,53,612 पुरुष तथा एक ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा में जनपद अलीगढ़ की वंदना सिंह ने विज्ञान वर्ग में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अलीगढ़ के ही नितिन पचौरी दूसरे तथा जौनपुर की खुशी अजय मिश्रा तीसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष दस अभ्यर्थियों में छह महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। इस अवसर पर बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय, प्रमुख सलाहकार प्रो. एस. पी. सिंह, राज्य समन्वयक प्रो. सौरव श्रीवास्तव, कुलसचिव ज्ञानेन्द्र कुमार सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उच्च शिक्षा मंत्री एवं अन्य अधिकारियों ने वीडियो कॉल के माध्यम से टॉपर्स से वार्ता कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन और रिकॉर्ड समय में परिणाम घोषित करने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।