नशा मुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : शक्ति अवस्थी
एनसीसी कैडेट्स को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
FATEHPUR NEWS: अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस (26 जून) के उपलक्ष्य में जनपद फतेहपुर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत 60 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट्स के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स राष्ट्र के अनुशासित एवं जिम्मेदार युवा नागरिक हैं। ऐसे में उन्हें स्वयं नशे से दूर रहकर समाज के लिए आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी शक्ति अवस्थी रहीं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। इससे मुक्ति के लिए सामूहिक प्रयास और जनजागरूकता आवश्यक है। इस अवसर पर पुनीत कुमार श्रीवास्तव, रीजनल कोऑर्डिनेटर, यूपीवीएचए, लखनऊ ने कैडेट्स को तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी हानियों तथा अवैध तस्करी के सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स से अपने विद्यालयों, महाविद्यालयों और समुदायों में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने तथा जागरूकता अभियान के सक्रिय संदेशवाहक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कैडेट्स को नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में युवाओं की भूमिका पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।







