Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति के तहत जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया गया

मिशन शक्ति के तहत जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया गया

अभियान का उद्देश्य महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना

FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपद भर में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मरक्षा के तरीकों के बारे में जागरूक किया। साथ ही ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संवाद स्थापित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव और आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के विभिन्न माध्यमों की जानकारी दी। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है। अभियान के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।