Home उत्तर प्रदेश मई माह में 10.51 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करने वाले टिकट...

मई माह में 10.51 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करने वाले टिकट चेकिंग कर्मियों का हुआ सम्मान

PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज मंडल में मई माह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट चेकिंग स्टाफ को गुरुवार को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक  रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) श्री हरि मोहन के निर्देशन में चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियानों के दौरान कर्मचारियों ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 10.51 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। सम्मान समारोह में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री हरि मोहन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टिकट चेकिंग) श्री पंकज कुमार त्रिपाठी तथा मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग) श्री अम्बरीश कुमार राय भी मौजूद रहे। ओपन स्क्वाड श्रेणी में उप मुख्य टिकट निरीक्षक रविकांत त्रिपाठी ने 1,569 मामलों में कार्रवाई कर 11.60 लाख रुपये का राजस्व अर्जित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अवनीश प्रताप सिंह और राजकुमार यादव ने क्रमशः 10.54 लाख और 8.27 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा कौशल कुमार एवं प्रियदर्शी एस. सिन्हा के कार्यों की भी सराहना की गई। एमेनिटी स्टाफ श्रेणी में मुख्य टिकट निरीक्षक निहाल सिंह मीणा ने सर्वाधिक आय अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं विजय पाल, मंजू मेहरोत्रा, छुट्टेश कुमार मीणा और जे.एन. सिंह ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। महिला टिकट चेकिंग कर्मचारियों में मुख्य टिकट निरीक्षक गायत्री देवी ने 1,066 मामलों में कार्रवाई करते हुए 7.31 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक  हरि मोहन ने कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से रेलवे राजस्व में वृद्धि के साथ यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर कार्य संस्कृति में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित किया जाएगा।