प्रधानाचार्यों के नियमितीकरण की मांग का ज्ञापन सौंपा
FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, जेल रोड पर गुरुवार को आयोजित नियमित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने शिक्षा, विद्युत एवं अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर पार्टी पदाधिकारियों को ज्ञापन एवं प्रार्थना पत्र सौंपे। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके शीघ्र एवं न्यायोचित निस्तारण का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सबसे प्रमुख रूप से प्रधानाचार्य परिषद की ओर से उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत कार्यवाहक एवं पदोन्नत प्रधानाचार्यों के नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव को सौंपा गया। परिषद के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से अनेक प्रधानाचार्य कार्यवाहक अथवा पदोन्नत पद पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनका नियमितीकरण अब तक नहीं हो सका है। इससे उन्हें प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि प्रधानाचार्य परिषद के संरक्षक प्रभुदत्त दीक्षित, संगठन जिलाध्यक्ष अनिल राज सिंह तथा उनके साथ आए प्रधानाचार्यों द्वारा प्रस्तुत मांगों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन को समयबद्ध तरीके से उचित स्तर पर प्रेषित किया जाएगा, ताकि संबंधित विषय पर आवश्यक कार्रवाई हो सके। जनसुनवाई के दिवस प्रभारी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भदौरिया ने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षा के अलावा बिजली, राजस्व तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। उन्होंने बताया कि जगदीशपुर निवासी केशन एवं शरद कुमार शुक्ला ने क्षेत्र में व्याप्त विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। इस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के न्यायोचित एवं शीघ्र समाधान के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना, उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना है। पार्टी सरकार और जनता के बीच संवाद का माध्यम बनकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यालय में विमलेश पांडेय एवं प्रसून तिवारी ने जनसुनवाई की व्यवस्थाओं एवं दायित्वों का निर्वहन किया। जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और पार्टी पदाधिकारियों ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।







