विद्युत लाइन और उत्सव भवन के स्थान परिवर्तन समेत कई मामलों में मिली शिकायतें
FATEHPUR NEWS: जेल रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में गुरुवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिवस प्रभारी के रूप में जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भदौरिया एवं जिला महामंत्री सुशीला मौर्या ने जनसामान्य की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनका त्वरित एवं न्यायोचित निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। जनसुनवाई के दौरान अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के बरौहां निवासी सुशील कुमार ने विद्युत विभाग द्वारा गलत ढंग से लाइन खींचे जाने से उत्पन्न हो रही समस्याओं के संबंध में लिखित शिकायत प्रस्तुत की। इस पर दिवस प्रभारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले का निष्पक्ष एवं शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। वहीं ग्राम बेनू के पूर्व प्रधान मुन्ना कुशवाहा ने उत्सव भवन के स्थान परिवर्तन को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भी स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनसुनवाई में रखा। दिवस प्रभारियों ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निस्तारण की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर रामप्रकाश गुप्ता, मंजू शुक्ला, विनोद गौतम सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







