BHADOHI NEWS: (नितेश श्रीवास्तव) भदोही जनपद के सभी थानों पर शनिवार को “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने इसकी निगरानी की। इस दौरान, संबंधित थानों पर पुलिस टीम ने प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर जनता की समस्याओं को सुना। राजस्व कर्मियों की उपस्थिति में कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।जन सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। पुलिस विभाग से संबंधित सभी प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि राजस्व विभाग से संबंधित प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जमीन से जुड़े सभी मामलों में पुलिस और राजस्व की टीमों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को भटकना न पड़े और मामलों का त्वरित व न्यायपूर्ण निस्तारण हो सके। आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 55 राजस्व विभाग से संबंधित थे और 9 पुलिस विभाग से। पुलिस विभाग से संबंधित सभी 9 शिकायतों और राजस्व से संबंधित 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व की 3 संयुक्त टीमों का गठन किया गया है।





