Home उत्तर प्रदेश भदोखर में स्वच्छता अभियान को लगा पलीता, जिम्मेदार बेपरवाह

भदोखर में स्वच्छता अभियान को लगा पलीता, जिम्मेदार बेपरवाह

SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड इटवा के भदोखर गांव में स्वच्छता अभियान के दावों की हवा निकल गई है। शासन की मंशा के अनुरूप गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने की योजनाएं यहाँ केवल कागजों तक ही सीमित नजर आ रही हैं। गांव की सड़कों पर बहता नालियों का पानी और जगह-जगह लगे गंदगी के अंबार विभागीय जिम्मेदारों की उदासीनता की कहानी साफ बयां कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में प्रवेश करते ही बजबजाती नालियां और कूड़े के ढेर स्वागत करते हैं। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी मुख्य रास्तों पर जमा हो गया है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को कीचड़ के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस भीषण गंदगी के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है और शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि कूड़ा प्रबंधन के लिए शासन द्वारा लाखों रुपये की लागत से निर्मित कराया गया रिसोर्स रिकवरी सेंटर भी वर्तमान में शोपीस बना हुआ है। उद्देश्य था कि गांव के कचरे का निस्तारण वैज्ञानिक ढंग से किया जाए, लेकिन देखरेख के अभाव और जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते यह केंद्र सफेद हाथी साबित हो रहा है। यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त न की गई और बंद पड़े संसाधन संचालित नहीं हुए, तो सरकार की महत्वाकांक्षी स्वच्छता योजनाएं इस गांव में पूरी तरह विफल साबित होंगी।