नगर निकायों की समीक्षा बैठक में व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: डूडा एवं नगरीय निकायों से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर पालिका और नगर पंचायतों में संचालित योजनाओं, बजट व्यय तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड का निरीक्षण कर पेयजल, सफाई, सड़क एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी स्थापित वाटर कूलर पूरी तरह क्रियाशील रहें और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी न होने पाए। उन्होंने आगामी बारिश के मद्देनजर सभी नालों और नालियों की समय से साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में जलभराव वाले स्थानों पर विशेष व्यवस्था करने को कहा, ताकि बरसात के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में जिलाधिकारी ने एमआरएफ सेंटर और गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों के राशन कार्ड नहीं बने हैं, उनकी फैमिली आईडी बनवाने के लिए वार्ड स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएं। इसके अलावा सभी नगर निकायों को जल्द से जल्द जीआईएस का टेंडर कराने, वेंडिंग जोन के लिए स्थल चिन्हित करने तथा अवैध टैक्सी स्टैंड हटाकर वैध टैक्सी स्टैंड स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। पॉलिथीन जब्ती अभियान में तेजी लाने और उसके सही निस्तारण पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा लंबित सत्यापन कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निरस्त किए गए आवासों में अपात्रता का कारण स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, प्रभारी परियोजना निदेशक डूडा, विभिन्न नगर निकायों के अधिशाषी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







