Home उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम गौरांग राठी व...

पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम गौरांग राठी व एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने किया निरीक्षण

JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस सोमवार को जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें प्रथम पाली में 8,948 तथा द्वितीय पाली में 8,961 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 4,939 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह सहित विभिन्न अधिकारियों के साथ बुंदेलखंड विश्वविद्यालय एवं अन्य परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों एवं वॉइस रिकॉर्डर के माध्यम से परीक्षा व्यवस्था की निगरानी की तथा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि जनपद में नकल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों एवं संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्रों का गहन परीक्षण कर ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाए तथा किसी भी डुप्लीकेट परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल न होने दिया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कराई। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा कराई गई। परीक्षा नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक पाली में 11,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 2,476 तथा द्वितीय पाली में 2,463 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेश कुमार, पुलिस अधीक्षक देहात डॉ. अरविंद कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।