FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी द्वारा रविवार को बिंदकी क्षेत्र के रुरवा गांव में जन संदेश सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल उर्फ दयालू गुप्ता शामिल हुए। सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए दयालू गुप्ता ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस, डीजल और पेट्रोल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार में बदलाव चाहती है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है। खाद के दाम बढ़ रहे हैं जबकि पैकेट का वजन कम किया जा रहा है। उन्होंने बेरोजगारी को भी गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार के अभाव में भटक रहे हैं। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और परीक्षाओं के निरस्त होने के मामलों को लेकर भी सरकार की आलोचना की। दयालू गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, जबकि शराब की दुकानों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लगभग 300 लोगों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कार्यक्रम में सपा नेता शेर सिंह यादव, इमरान राइन, शिव शंकर यादव, शिव भोला यादव, कृष्ण बिहारी यादव, रामकृपाल सोनकर, राम शिरोमणि यादव, मखलू पाल, उमेश सैनी, रज्जन हसन, विजय कुमार, मनोज कुमार, महंगू निषाद, संदीप गुप्ता, अमित कुशवाहा, सोहेल जिया, धर्मपाल, पप्पू प्रधान, शिवकरण प्रजापति, चंद्रिका पासवान, बुद्धि पासवान, देवनारायण, विजय यादव, ओम प्रकाश, तसव्वर खान, अजय यादव, राजकरण, अनिरुद्ध कुशवाहा, जगदीश निषाद एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।







