JAUNPUR NEWS: शाहगंज नगर पालिका सभागार में सोमवार को शासन द्वारा नामित एवं नव-निर्वाचित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक रमेश सिंह ने सभी सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विधायक रमेश सिंह ने नव-निर्वाचित सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी सभासद नगर के विकास, स्वच्छता और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति, खुटहन ब्लाक प्रमुख बृजेश कुमार यादव, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह ‘बंटी’ ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टीम भावना के साथ कार्य कर शाहगंज नगर को विकास के नए आयाम तक पहुंचाया जाएगा। उक्त लोगों ने नगर हित में मिलकर कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम में एसडीएम कुणाल गौरव, अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष गीता प्रदीप जायसवाल, मंडल अध्यक्ष चिंता हरण शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता बेचन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







