PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज में रेलवे पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 01 से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लगभग 24,000 रुपये मूल्य का 1 किलो 820 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देशों पर की गई। ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में चोरी, छिनैती और अवैध तस्करी रोकने के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी (रेलवे) अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। शनिवार दोपहर करीब 02:10 बजे जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम छिवकी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 01 पर गश्त कर रही थी। एफओबी -2 के एस्केलेटर के पास एक पत्थर की बेंच पर बैठे व्यक्ति ने पुलिस को देखकर घबराहट दिखाई। संदेह होने पर टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रामसिया पटेल उर्फ लुल्लू उर्फ लुलुआ (33 वर्ष) के रूप में हुई। वह चित्रकूट जनपद के बरगढ़ थाना क्षेत्र के गंजरिया गांव कानिवासी है और अजायब सिंह पटेल का पुत्र है। अभियुक्त की तलाशी लेने पर उसके काले रंग के पिट्ठू बैग से पीले रंग की पॉलीथीन में लिपटा एक बंडल मिला। यह बंडल कत्थई टेप से सील किया गया था। तोलने पर इसका वजन 1 किलो 820 ग्राम निकला, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 24,000 रुपये है। थाना जीआरपी प्रयागराज में अभियुक्त रामसिया पटेल उर्फ लुल्लू के विरुद्ध मुकदमा 183/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह ट्रेनों से गांजे की तस्करी करता है। वह स्थानीय स्तर पर गांजा इकट्ठा कर उसे बिहार ले जाता था, जहाँ वह इसे ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।





