50 से ऊपर विद्यार्थी पहुंचे कार्यशाला में
VARANASI NEWS: आईटीआई करौंदी में एक विशेष प्लंबर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर में 10वीं, 12वीं तथा आईटीआई उत्तीर्ण विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्लंबिंग कार्य के तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही प्रशिक्षकों द्वारा लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से कार्य को व्यवहारिक रूप से समझाया गया, जिससे विद्यार्थियों को कार्य की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हो सके। गेल का यह प्रयास न केवल शहर में पीएनजी कनेक्शन की बढ़ती मांग को पूरा करने में सहायक होगा, बल्कि युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगा। कंपनी द्वारा विशेष रूप से ऐसे नवप्रवेशियों (फ्रेशर्स) को अवसर दिया जा रहा है, जो इस क्षेत्र में अपनी रुचि रखते हैं और करियर बनाना चाहते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कार्य संबंधी कौशल के साथ-साथ सुरक्षा मानकों (सेफ्टी पैरामीटर्स) की भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अब ये प्रशिक्षित प्लंबर सीधे उन ठेकेदारों के साथ कार्य कर सकेंगे,जो वर्तमान में वाराणसी में पीएनजी कनेक्शन विस्तार परियोजना पर कार्यरत हैं। इससे शहर में गैस कनेक्शन की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) एवं वाराणसी प्रमुख, चंदन कुमार( मुख्य प्रबन्धक-ओ&म),प्रवीण सिंह (मुख्य प्रबन्धक-स्टील),प्रवीण गौतम (मुख्य प्रबन्धक-विपणन) तथा देबाशीष साहू (वरिष्ठ अधिकारी- विपणन) उपस्थित रहे।





