Home उत्तर प्रदेश चर्च की दीवार निर्माण और ताला खुलवाने की मांग को लेकर डीएम...

चर्च की दीवार निर्माण और ताला खुलवाने की मांग को लेकर डीएम से मिले ईसाई समाज के लोग

भू-माफियाओं से चर्च संपत्ति बचाने और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
FATEHPUR NEWS: शहर के देवीगंज स्थित इंडियन प्रेस्बिटेरियन चर्च की विभिन्न समस्याओं को लेकर पादरी सत्येंद्र श्रीवास्तव अपने सहयोगियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की मांग की। पादरी सत्येंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 1898 में स्थापित इंडियन प्रेस्बिटेरियन चर्च जनपद का एकमात्र चर्च है, जहां लंबे समय से नियमित रूप से आराधना होती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से चर्च में ताला लगा हुआ है और उसकी चाबी राधानगर पुलिस के पास है, जिसके कारण ईसाई समाज के लोग चर्च में प्रार्थना और धार्मिक गतिविधियां नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि चर्च परिसर में पादरी आवास और सर्वेंट क्वार्टर भी बने हुए हैं। आरोप है कि राजेंद्र कुमार मिश्रा ने पादरी आवास का गेट तोड़कर वहां अपना गेट लगवा दिया। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से करने के बाद राधानगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई, लेकिन इसके बावजूद पादरी आवास पर अब भी उनका ताला लगा हुआ है। शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि चर्च मैदान की चारदीवारी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के कारण अराजक तत्व वहां बैठकर नशाखोरी करते हैं। साथ ही कुछ लोगों ने चर्च परिसर को आवागमन के लिए रास्ते के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। चर्च प्रबंधन का आरोप है कि यह सब कब्जा करने की नीयत से किया जा रहा है। पादरी ने बताया कि 23 मई 2026 को चर्च परिसर की टूटी हुई दीवार का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन आरोप है कि राजेंद्र कुमार मिश्रा अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध करते हुए निर्माणाधीन दीवार को गिरा दिया। साथ ही गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने कहा कि चर्च से संबंधित सभी अभिलेख तहसील प्रशासन को दिखाए गए हैं और अधिकारियों ने दस्तावेजों को सही माना है। इसके बावजूद न तो चर्च की दीवार का निर्माण हो पा रहा है और न ही चर्च को खोला जा सका है।
जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई है कि चर्च परिसर की चारदीवारी निर्माण का कार्य सुचारू रूप से कराया जाए, चर्च को पुनः खुलवाया जाए तथा चर्च की संपत्ति पर अवैध कब्जे की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चर्च परिसर को भू-माफियाओं से सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठाए।