Home उत्तर प्रदेश एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने यूपी पुलिस एसआई भर्ती दौड़ ग्राउंड का किया...

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने यूपी पुलिस एसआई भर्ती दौड़ ग्राउंड का किया निरीक्षण

भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के दिए निर्देश, सुरक्षा एवं सुविधाओं का लिया जायजा
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) को लेकर फतेहपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को बारहवीं वाहिनी पीएसी परिसर में प्रस्तावित भर्ती दौड़ ग्राउंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक तथा बारहवीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट मनोज कुमार अवस्थी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दौड़ ट्रैक की स्थिति, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छायादार स्थान (शेड) और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। इसके साथ ही मेडिकल टीम की तैनाती, एम्बुलेंस की उपलब्धता, प्राथमिक उपचार किट तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा दौड़ के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने ग्राउंड की नियमित साफ-सफाई, ट्रैक की समय-समय पर जांच और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। गौरतलब है कि बारहवीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर में आयोजित होने वाली इस भर्ती दौड़ में हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन का दावा है कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी ताकि भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।