SANGRAM GARH NEWS: प्रतापगढ़ संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंद रसूलपुर निवासी राम मनोहर के पुत्र विजय प्रताप (30 वर्ष) सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय प्रताप अपने ई-रिक्शा से पुनहरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पुनहरी हाईवे के पास पहुंचे, सामने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से उनका ई-रिक्शा जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा चालक विजय प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामगढ़ पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। उधर, उपचार के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। अस्पताल का माहौल बिगड़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को थाने ले गई। थाने में दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद आपसी सहमति से मामला शांत करा दिया गया, जिसके बाद संबंधित लोगों को छोड़ दिया गया। पुलिस द्वारा समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से अस्पताल परिसर में स्थिति सामान्य हो गई।







