Home उत्तर प्रदेश अवर अभियंता पर उत्पीड़न का आरोप, समाधान न होने पर भाकियू (भानू)...

अवर अभियंता पर उत्पीड़न का आरोप, समाधान न होने पर भाकियू (भानू) ने धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी

मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई और शिकायतों के निस्तारण की मांग न पूंछो हमसे की हम किस कशमकस में जिन्दा है, जुल्म की धूप में खड़े हैं और उम्मीद के साये में शर्मिन्दा हैं: पंकज प्रताप सिंह
PRAYAGRAJ NEWS: भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता, यमुनापार प्रयागराज को ज्ञापन सौंपकर अवर अभियंता मार्कण्डेय सिंह यादव पर पद के दुरुपयोग, दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई तथा धन की मांग को लेकर फर्जी कार्यवाही करने का आरोप लगाया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि पूर्व में की गई शिकायतों और एफआईआर क्रमांक 2480 एवं 2493 से संबंधित मामलों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो यूनियन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम किहुनी खुर्द, थाना खीरी निवासी एवं अधिवक्ता अनिल कुमार तिवारी, जो भारतीय किसान यूनियन (भानू) के सक्रिय सदस्य हैं, लगातार विभागीय अधिकारियों से न्याय की मांग कर रहे हैं। संगठन का आरोप है कि मामले में कई बार शिकायतें और साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे पीड़ित और संगठन के कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया है कि लगातार हो रही उपेक्षा से किसानों और आम जनता का विभाग पर विश्वास कम हो रहा है। यूनियन ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन 27 जुलाई 2026 को व्यापक धरना-प्रदर्शन करेगा। साथ ही चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रशासनिक अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि विभाग मामले की गंभीरता को समझते हुए समय रहते उचित कार्रवाई करेगा, ताकि आंदोलन की नौबत न आए। भाकियू जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह ने उक्त अवसर पर शायराना अंदाज में कुछ इस तरह कहा, न पूंछो हमसे की हम किस कशमकस में जिन्दा है। जुल्म की धूप में खड़े हैं और उम्मीद के साये में शर्मिन्दा हैं।