डीएम ने हर घर जल परियोजनाओं का निरीक्षण कर स्कूल, आंगनबाड़ी एवं सरकारी संस्थानों में शत-प्रतिशत जलापूर्ति करने के दिए निर्देश
BHADOHI NEWS: डीएम शैलेश कुमार ने गुरुवार को हर घर जल पेयजल परियोजनाओं के अंतर्गत ग्राम पंचायत गांधी ग्राम में निर्मित 300 केएल क्षमता की पानी की टंकी का निरीक्षण किया। उक्त कार्य का निर्माण कार्यदाई संस्था जीए इंफ्रा द्वारा कराया गया है।
निर्माण एजेंसी द्वारा आगामी 10 वर्षों तक योजना के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी निभाते हुए ग्राम पंचायत में रोस्टर के अनुरूप पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत में प्रतिदिन प्रातः 7ः00 से 9ः30 बजे तक तथा सायं 3ः00 से 5ः00 बजे तक नियमित जलापूर्ति की जा रही है। पेयजल की शुद्धता बनाए रखने के लिए 100 लीटर पानी की क्षमता वाला डोजर भी स्थापित किया गया है। डीएम ने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य सरकारी संस्थानों में शत-प्रतिशत पेयजल कनेक्शन एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, जिससे आमजन को स्वच्छ पेयजल का लाभ निरंतर प्राप्त हो सके। तत्पश्चात डीएम ने ग्राम पंचायत नवधन में निर्मित पेयजल टंकी का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यदाई संस्था जीए इंफ्रा को निर्देशित करते हुए कहा कि नवधन ग्राम पंचायत के समस्त कार्य 31 मई तक पूर्ण कर प्रत्येक घर तक हर घर नल योजना के अंतर्गत जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर पेयजल कनेक्शन प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने शेष लंबित कनेक्शनों को एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में विशेष रुचि लेकर कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाया जाए तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।







