Home उत्तर प्रदेश स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान...

स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

JHANSI NEWS: सामाजिक संस्था प्रयास सभी के लिए द्वारा शनिवार को स्वामी विवेकानंद की 124वीं पुण्यतिथि पर एसपीआई इंटर कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेडा एवं निवर्तमान अध्यक्ष रामबाबू शर्मा के नेतृत्व में तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार मिश्र के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेडा ने कहा कि वर्ष 1893 में शिकागो में दिए गए अपने ऐतिहासिक भाषण से स्वामी विवेकानंद ने भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन, उनके विचार और प्रेरक संदेश आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि स्वामी जी अक्सर कहा करते थे कि वे 40 वर्ष की आयु तक जीवित नहीं रहेंगे और 39 वर्ष की आयु में 4 जुलाई 1902 को उनका महाप्रयाण हो गया। कार्यक्रम में अमित अग्रवाल (एसबीआई), विनोद अग्रवाल (यूको बैंक), राकेश मेहरोत्रा, अंबिका श्रीवास्तव, पवन नैयर, अशोक अग्रवाल (पीएनबी), एचएन शर्मा, आरपी मोदी, बीपी नायक एवं सुभाष पुरवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री नवीन श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार कोषाध्यक्ष दिनेश चौरसिया ने व्यक्त किया।