MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद मीरजापुर की ओर से ऐतिहासिक घंटाघर परिसर में भव्य सांस्कृतिक, देशभक्ति एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। तिरंगे की शान, देशभक्ति के गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा प्रतिभाओं के सम्मान से घंटाघर परिसर देर शाम तक राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अर्पण रजत कौशिक एवं नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नगर पालिका के सभासदगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, युवा प्रतिभाएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस की खुशियों में चार चांद लगा दिए। बच्चों और युवाओं की प्रतिभा ने भी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। ऐतिहासिक घंटाघर की पृष्ठभूमि में आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति, संगीत और संस्कृति का शानदार संगम बन गया।
समारोह में शिक्षा, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगर के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को चेयरमैन अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर प्रतिभाओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। सम्मान समारोह का उद्देश्य युवाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा. सम्मानित प्रतिभाओं में IES अनमोल जायसवाल, IES हर्षिता यादव, मानसी यादव, तन्या केसरी, समर गिरी, प्रिया श्रीवास्तव, अभिरुप वर्मा, प्रमजोत कौर, अहिस्मा गुप्ता, नरोत्तम त्रिपाठी, प्रेम चन्द्र गुप्ता, पारिधि रस्तोगी, इरा गुप्ता, अंशिका केसरी, गुरु, आशिष यादव, मानवी मौर्या, कहकशा परवीन, अंजली, शांभवी, प्रियंका प्रजापति एवं संध्या शामिल रहीं। नगर पालिका परिषद की ओर से सभी सम्मानित प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर कहा गया कि मीरजापुर की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है और जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को सही मंच, प्रोत्साहन और अवसर प्रदान किए जाएं। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अधिकारों के साथ जिम्मेदारियां भी देती है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा शक्ति के हाथों में है। शिक्षा, खेल, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ रहे युवा ही भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रतिभावान युवाओं का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
विरासत के साथ आधुनिक विकास की ओर बढ़ रहा मीरजापुर
अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि ऐतिहासिक घंटाघर मीरजापुर की पहचान, इतिहास, संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। शहर को आधुनिक बनाने के साथ-साथ उसकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक अखाड़ों, पोखरों, घाटों, कुओं, प्रमुख चौराहों और आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ मीरजापुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि शहर की पहचान और विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना भी है।मीरजापुर की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विंध्याचल धाम, मां विंध्यवासिनी मंदिर, गंगा के घाट, चुनार की ऐतिहासिक विरासत, घंटाघर, कालीन एवं हस्तशिल्प मीरजापुर की विशिष्ट पहचान हैं। इन क्षेत्रों को पर्यटन से जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।उन्होंने युवाओं से पर्यटन गाइड, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, हस्तशिल्प के ऑनलाइन विक्रेता, स्टार्टअप उद्यमी और स्थानीय उत्पादों के ब्रांड एंबेसडर के रूप में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मीरजापुर में बढ़ती डिजिटल सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया। नगर में वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाओं एवं डिजिटल पहलों के माध्यम से नागरिक सेवाओं को सरल, सुलभ और आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया। कहा गया कि दुनिया तेजी से डिजिटल हो रही है और मीरजापुर भी तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जलस्रोतों की सुरक्षा और ऐतिहासिक विरासत को बचाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कहा गया कि हमें केवल यह नहीं पूछना चाहिए कि देश और शहर ने हमारे लिए क्या किया, बल्कि स्वयं से यह सवाल करना चाहिए कि “मैंने अपने देश, अपने शहर और अपने समाज के लिए क्या किया?”
युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास, पर्यटन, डिजिटल क्षेत्र और उद्यमिता में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा गया कि उनकी प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार मीरजापुर के विकास की नई कहानी लिख सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से मीरजापुर को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और आत्मनिर्भर शहर बनाने में सहयोग करने की अपील की गई। तिरंगे के तीनों रंगों के संदेश—त्याग, शांति और विकास—को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में “मेरा मीरजापुर आगे बढ़े, हमारा उत्तर प्रदेश आगे बढ़े और हमारा भारत आगे बढ़े” के संकल्प के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।ऐतिहासिक घंटाघर परिसर में आयोजित यह समारोह देशभक्ति, संगीत, संस्कृति, विकास और युवा प्रतिभाओं के सम्मान का यादगार संगम बन गया। नगरवासियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाते हैं, बल्कि शहर की प्रतिभाओं को पहचान और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।







