चोरी की बाइक बरामद
FATEHPUR NEWS: स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। जानकारी के अनुसार कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के जोनिहा कस्बे में चौराहे पर स्थित एक मिठाई की दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाने वाले आरोपी निजामुद्दीन पुत्र सहाबुद्दीन, निवासी ग्राम लहुरी सराय, थाना जहानाबाद, जनपद फतेहपुर को पुलिस ने चोरी की गई बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर कोतवाली बिंदकी में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को शनिवार को लगभग 11 बजे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। अभियुक्त की गिरफ्तारी में जोनिहा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सावन कुमार पटेल एवं मुख्य आरक्षी शिवदत्त पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







