उपनिरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में किया सराहनीय रेस्क्यू
JHANSI NEWS: सीपरी पुलिस की टीम ने सड़क हादसे के बाद बस के नीचे फंसे तीन युवकों को तत्परता और सूझबूझ से बाहर निकालकर सराहनीय कार्य किया। सीसी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल दलवीर, वैभव, चंद्रदीप, पूरण सिंह, शिवांशु पटेल सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मेहनत से तीनों घायलों को बस के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। बताया गया कि भरत कुशवाहा, जयंत कुशवाहा और याग्वेंदर, निवासी आशिक चौराहा नई बस्ती थाना कोतवाली झांसी, पाल कॉलोनी से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस संख्या MP 36 P 1121 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक बस के नीचे फंस गए। सूचना मिलते ही सीपरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और अथक प्रयासों के बाद तीनों युवकों को बस के नीचे से बाहर निकाला। एंबुलेंस के मौके पर नहीं पहुंचने पर पुलिस ने तत्काल निजी वाहन की व्यवस्था कर घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर उपचार मिल सका। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को भी मौके से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया, जिससे सड़क पर यातायात सुचारू हो सका। मौके पर शांति व्यवस्था भी कायम रही। घायलों का हाल-चाल जानने के लिए पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उपचार के बाद भरत को यथार्थ हॉस्पिटल, जसवंत कुशवाहा पुत्र हरप्रसाद को कमला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जबकि याग्वेंदर का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। याग्वेंदर की हालत नाजुक बताई गई है, जबकि अन्य दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। तीनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस द्वारा परिजनों को पीएम राहत योजना के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस की तत्परता और टीम के सदस्यों की कड़ी मेहनत से हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। स्थानीय लोगों ने भी सीपरी पुलिस के इस मानवीय और सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।







