ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी को दिया प्रार्थना पत्र, रास्ता बंद होने से आवागमन प्रभावित
FATEHPUR NEWS: जनपद में सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है, जिसमें एक ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी खागा को प्रार्थना पत्र देकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा कर रास्ता बाधित कर दिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला खागा तहसील क्षेत्र के जाफरपुर मजरे रसूलपुर भंडरा गांव का है, जहां पीड़ित जफर अली पुत्र वली मोहम्मद ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि सरकारी चकरोड (आम रास्ता) पर अवैध रूप से गांव का ही दबंग हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद शरीफ ने कब्जा कर लिया गया है। इस रास्ते से ग्रामीणों का आना-जाना होता था, लेकिन अब रास्ता बंद होने से लोगों को लंबा चक्कर लगाकर गुजरना पड़ रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने कब्जा हटाने का विरोध किया तो दबंगों द्वारा अभद्रता और धमकी दी गई। इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जा हटवाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में आम रास्ता पुनः बहाल हो सके। प्रशासन से अब इस मामले में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।







