एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में एंटी रोमियो टीम सक्रिय, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
FATEHPUR NEWS: महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2)’ अभियान के तहत जनपद फतेहपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं आमजन को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। साथ ही गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से संवाद स्थापित किया गया और उनकी समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा अपराधों की रोकथाम के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। पुलिस कर्मियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में महिलाएं विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध से संबंधित हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। पुलिस प्रशासन का यह प्रयास महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







