Home उत्तर प्रदेश शौचालय योजना के नाम पर ठगी, हवाला कनेक्शन की आशंका; दो पर...

शौचालय योजना के नाम पर ठगी, हवाला कनेक्शन की आशंका; दो पर हरियाणा में केस, डीएम ने दिए जांच के आदेश

KUSHINAGAR NEWS: जनपद में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का मामला अब और गंभीर होता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह पूरा खेल सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें हवाला के जरिए पैसे मंगाने की भी आशंका है। इस मामले में हरियाणा के रोहतक में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज होने की बात सामने आई है, जिससे पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। शिकायत के मुताबिक, गांव के भोले-भाले और अधिकांशतः अनपढ़ मजदूर वर्ग के लोगों को सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया गया। इसके लिए उनसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज ले लिए गए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उनके खातों से रकम निकाली गई या खातों का दुरुपयोग किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी तब हुई जब उनके खातों से पैसे गायब होने लगे। वहीं, कुछ मामलों में उनके नाम पर ऐसे लेन-देन दिखाए गए, जिनसे वे पूरी तरह अनजान हैं। आरोप है कि इसी क्रम में हवाला के जरिए पैसे मंगाए गए, जिसके चलते रोहतक (हरियाणा) में दो लोगों पर मुकदमा दर्ज हो गया। हैरानी की बात यह है कि जिन लोगों पर केस दर्ज हुआ है, वे खुद गरीब और मजदूर हैं तथा पूरे मामले से अनभिज्ञ बताए जा रहे हैं। मुसहर समाज की आवाज उठाने वाले पप्पू पांडे ने कहा कि गरीबों को सरकारी योजनाओं के नाम पर ठगा गया है और अब वही लोग गंभीर मामलों में आरोपी बना दिए गए हैं, जबकि असली आरोपी अभी भी फरार हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निर्दोष लोगों को राहत दी जाए और मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को ज्ञापन सौंपा। डीएम ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी विस्तृत जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।