मुख्य अतिथि विधायक उषा मौर्य रहीं मौजूद, छात्रों की प्रस्तुतियों ने बिखेरा रंग
FATEHPUR NEWS: शिक्षा खंड ऐरायां क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे स्थित शिवाजी शिक्षा निकेतन में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में हुसैनगंज विधानसभा की विधायक ऊषा मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी ऐरायां रत्नामणि त्रिपाठी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर शिक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष विजय मिश्रा, थाना प्रभारी अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह चंदेल, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के युवा जिला अध्यक्ष एडवोकेट विवेक सिंह सहित कस्बे के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने भाग लिया, जिन्हें शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। छात्रों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने जमकर तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि उषा मौर्य ने अपने संबोधन में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।







