FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ की जनपद इकाई द्वारा आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन पदाधिकारियों ने जनपद के विभिन्न जनप्रतिनिधियों का माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुशील तिवारी ने कहा कि शिक्षामित्र लंबे समय से बेसिक शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं और उनके भविष्य को सुरक्षित करने में जनप्रतिनिधियों का सहयोग महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों अखिलेश गुप्ता, ओम पटेल, विशाल शुक्ला, सुनील मिश्रा, शैलेन्द्र वर्मा और आशुतोष द्विवेदी ने जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। समारोह के अंत में संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम एक आभार पत्र भी सौंपा गया। इस पत्र के माध्यम से शिक्षामित्रों ने अपनी समस्याओं के स्थायी समाधान और मानदेय वृद्धि की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन शिक्षामित्रों की एकजुटता और उनके भविष्य को लेकर उम्मीदों का प्रतीक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।







