SANGRAMGARH NEWS: थाना क्षेत्र के ग्राम बाजीआफत (बावलिया) में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक मकान की पक्की दीवार में पीछे की ओर सेंध काटकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी मीना पटेल, पुत्री स्वर्गीय रामकुमार पटेल, के घर में देर रात चोर पीछे की पक्की दीवार में सेंध लगाकर भीतर घुस गए। चोर घर में रखे ₹30,000 नकद, सोने-चांदी के गहने, अन्य आभूषण, खाद्यान्न, बर्तन तथा अन्य कीमती सामान समेट ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और पीछे की दीवार में सेंध कटी देख उनके होश उड़ गए। पीड़िता मीना देवी ने तत्काल पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी तथा ग्राम प्रधान को भी अवगत कराया। सूचना मिलते ही संग्रामगढ़ थाना पुलिस के एसआई हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और पीड़िता को आश्वासन देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।







