चिलचिलाती धूप में काम करने वालों को राहत देने की पहल
FATEHPUR NEWS: भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में मंगलवार को चौक क्षेत्र में ठेला लगाने वाले और सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले लोगों को छाते वितरित किए गए। कार्यक्रम में कार्यकारी चेयरमैन फतेहपुर एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने आजीवन सदस्य डॉ. आसमा खान के सहयोग से यह पहल की। उन्होंने बताया कि “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना के तहत यह प्रयास किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति चिलचिलाती धूप और गर्मी के कारण बीमार न पड़े। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने ठेला चालकों और सब्जी विक्रेताओं को छाते प्रदान करते हुए उन्हें गर्मी से बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने सभी से अधिक मात्रा में पानी पीने और खाली पेट न रहने की सलाह दी। इस दौरान आजीवन सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव, अभिनव श्रीवास्तव और चैतन्य कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे जरूरतमंदों के लिए उपयोगी बताया।







