MIRZAPUR NEWS: पड़री थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अजय बिंद निवासी सुखनई, थाना मड़िहान के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या का आरोपी बाइक से गौराराज की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने बौड़री पहाड़ी के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध कट्टा, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त गमछा, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी राजन उर्फ साजन के साथ युवती से मिलने गया था। शारीरिक संबंध बनाने के प्रयास का विरोध करने पर दोनों ने मिलकर युवती की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक मौके पर पहुंची और जांच के निर्देश दिए। पुलिस फरार आरोपी राजन उर्फ साजन की तलाश में दबिश दे रही है।







