खूंटा गांव की घटना, पुलिस ने नामजद आरोपियों को दबोचाय जांच जारी
PRAYAGRAJ NEWS: मेजा तहसील के खीरी थाना क्षेत्र स्थित खूंटा गांव में सोमवार देर रात शराब के नशे में दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान चाकू से किए गए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल की रात लगभग 11 बजे चांद खमरिया निवासी राजू उर्फ राजू आदिवासी (40) अपने साथियों के साथ खूंटा चैराहे पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर एक युवक ने राजू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मेजा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने परिवार में दूसरे स्थान पर था और अपने पीछे पत्नी व तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







