KUSHINAGAR NEWS: सिविल सेवा दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा “जनता दर्शन ऐप” का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह ऐप Durga Foundation की टीम द्वारा विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को तेज, सरल एवं पारदर्शी बनाना है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण में लगने वाले समय को काफी हद तक कम किया जाएगा। जहां पूर्व में शिकायतों के समाधान में लगभग 15 से 20 दिन का समय लगता था, वहीं अब नई व्यवस्था के तहत 3 से 5 दिनों के भीतर निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि “जनता दर्शन ऐप” प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से शिकायतों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, त्वरित कार्रवाई एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी। Durga Foundation की टीम ने ऐप के निर्माण में आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए इसे उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया है, जिससे अधिकारी एवं कर्मचारी आसानी से शिकायतों को दर्ज, ट्रैक एवं निस्तारित कर सकेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता की समस्याओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि ऐप का उपयोग प्रारंभिक रूप से एक माह तक ट्रायल बेसिस पर किया जाएगा।







