Home उत्तर प्रदेश विश्व युवा कौशल दिवस पर डॉ. माधुरी साहू को मिला राज्य स्तरीय...

विश्व युवा कौशल दिवस पर डॉ. माधुरी साहू को मिला राज्य स्तरीय सम्मान

FATEHPUR NEWS: विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन के प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में फतेहपुर की निखार वूमेन्स ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट की संस्थापक निदेशक एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) फतेहपुर की ब्रांड एंबेसडर डॉ. माधुरी साहू को कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेशभर से चयनित प्रशिक्षकों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा कौशल विकास के क्षेत्र में कार्य करने वाले विशेषज्ञों ने समारोह में भाग लिया। समारोह के दौरान डॉ. माधुरी साहू ने महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता एवं कौशल विकास के क्षेत्र में अपने संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणादायी बताया। वहीं व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने उन्हें प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. माधुरी साहू ने कहा कि यह सम्मान उन सभी महिलाओं, बेटियों और युवाओं को समर्पित है, जिन्होंने संघर्ष के साथ कौशल को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि उनका संस्थान महिलाओं और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। इस अवसर पर डॉ. माधुरी साहू ने प्रशिक्षण निदेशालय के अधिकारियों, राजकीय आईटीआई फतेहपुर के प्राचार्य एवं शिक्षकों, अपने सहयोगियों, परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से ही उन्हें समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा और शक्ति मिलती रही है।