Home उत्तर प्रदेश विधायक रमाशंकर पटेल ने विंध्य फूड कॉर्नर और स्वरोजगार इकाइयों का किया...

विधायक रमाशंकर पटेल ने विंध्य फूड कॉर्नर और स्वरोजगार इकाइयों का किया उद्घाटन

MIRZAPUR NEWS: मंगलवार को विकासखंड पटेहरा कलां विधानसभा मड़िहान  बाजार में “समूह से समृद्धि की ओर” अभियान के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत नारी शक्ति प्रेरणा महिला संकुल समिति मड़िहान द्वारा संचालित विंध्य फूड कॉर्नर सहित विभिन्न स्वरोजगार इकाइयों का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल रहे। उन्होंने फीता काटकर विंध्य फूड कॉर्नर का शुभारंभ किया तथा महिलाओं द्वारा संचालित कुल पाँच स्वरोजगार इकाइयों का उद्घाटन कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न प्रकार के रोजगारोन्मुखी कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार हेतु वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बना रही है। आज ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएँ छोटे-छोटे उद्यम स्थापित कर आर्थिक उन्नति की नई मिसाल पेश कर रही हैं।
विधायक ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उपक्रम न केवल रोजगार के अवसर सृजित करते हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सिद्धार्थ मिश्र, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारीगण, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।