Home इटावा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर सेवा संस्थान द्वारा पिडारी गांव में धूमधाम से मनाई...

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर सेवा संस्थान द्वारा पिडारी गांव में धूमधाम से मनाई गई जयंती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

ETAWA NEWS: सैफई क्षेत्र के ग्राम पिडारी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर सेवा संस्थान के तत्वावधान में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर लोकमाता के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सैफई ब्लॉक प्रमुख मृदुला यादव रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि मृदुला यादव ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की एक महान शासक एवं समाज सुधारक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, महिला सशक्तिकरण, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जयंती समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कलाकारों ने गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, संघर्ष, त्याग और समाज सेवा के कार्यों का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया। समाजवादी पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र निराला ने भजनों की प्रस्तुति देते हुए अपने संबोधन में लोकमाता के जीवन दर्शन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का आयोजन अनिल बघेल द्वारा ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया, जबकि कार्यक्रम के संरक्षक योगेश प्रताप सिंह रहे। समारोह में अरविंद पाल, हेमंत प्रताप सिंह, रंजना पाल, गुंजन किशोरी सहित अनेक सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे। समारोह के अंत में ग्रामवासियों ने मुख्य अतिथि मृदुला यादव का फूल-मालाओं एवं स्मृति चिन्ह स्वरूप लोकमाता की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का भी माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों के प्रति गहरी श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का सफल संचालन मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड इटावा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र बघेल द्वारा किया गया।