Home उत्तर प्रदेश लग्जरी गाड़ी छोड़ ई-रिक्शा से प्रशिक्षण वर्ग पहुंचे भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह...

लग्जरी गाड़ी छोड़ ई-रिक्शा से प्रशिक्षण वर्ग पहुंचे भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का दिखा असर, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का दिया संदेश
FATEHPUR NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों में भी दिखाई देने लगा है। शनिवार को जहानाबाद क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल अपनी लग्जरी गाड़ी छोड़कर ई-रिक्शा से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के जिला प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे। विधायक के इस कदम की लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच खूब चर्चा रही। जानकारी के अनुसार शनिवार को दिन में करीब 11 बजे भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल बिंदकी कस्बे के ललौली चौराहे के समीप स्थित अपने कैंप कार्यालय से ई-रिक्शा में बैठकर फरीदपुर रोड स्थित चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल पहुंचे, जहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डीजल-पेट्रोल की खपत कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील से प्रेरित होकर उत्तर प्रदेश के कई भाजपा विधायक सार्वजनिक एवं वैकल्पिक परिवहन साधनों को अपनाने की पहल कर रहे हैं। इसी क्रम में विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने भी निजी वाहन के बजाय ई-रिक्शा से सफर कर आमजन को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। विशेष बात यह रही कि विधायक ने ई-रिक्शा का किराया भी स्वयं भुगतान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, ऐसे में ईंधन की बचत करना और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता बन गई है। भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से आम नागरिक भी देशहित और पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से डीजल-पेट्रोल की अनावश्यक खपत कम करने तथा अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन एवं पर्यावरण अनुकूल वाहनों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक हो जाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। इस दौरान विधायक के साथ भूपेंद्र उमराव सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।