Home उत्तर प्रदेश विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान मजदूर मोर्चा की बैठक संपन्न

विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान मजदूर मोर्चा की बैठक संपन्न

नगर में भारी वाहनों के आवागमन पर जताई नाराजगी, किसान आयोग गठन की उठी मांग
FATEHPUR NEWS: किसान मजदूर मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को बिंदकी कस्बे के ललौली चौराहे के समीप आयोजित की गई, जिसमें किसानों, मजदूरों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में नगर के भीतर से भारी वाहनों के आवागमन को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि बिंदकी बाईपास बनने के बावजूद ट्रक, डंपर और अन्य भारी वाहन आज भी नगर के अंदर से गुजर रहे हैं, जिसके चलते आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी भारी वाहनों का आवागमन अनिवार्य रूप से बाईपास मार्ग से कराया जाए, ताकि नगरवासियों को दुर्घटनाओं से राहत मिल सके। बैठक को संबोधित करते हुए अमर सिंह पटेल ने किसान एवं मजदूर आयोग के गठन की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं पशुपालन और कृषि कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उन्हें भी सम्मान निधि का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के वादे का उल्लेख करते हुए कहा कि अभी तक किसानों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कृषि कार्य में उपयोग होने वाली खाद और कीटनाशक दवाओं के दाम कम किए जाने की मांग की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य बीमा योजना की राशि पांच लाख से बढ़ाकर दस लाख की जानी चाहिए, ताकि गरीब और किसानों को बेहतर इलाज मिल सके। साथ ही उन्होंने किसान और मजदूर परिवारों के बेटों-बेटियों को नौकरी में आरक्षण देने की भी मांग की। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि अधिकांश सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की भारी कमी है तथा मरीजों को पर्याप्त दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई। इस दौरान क्षेत्र की ग्राम पंचायत गंगोली में लगभग 40 वर्षों से बंद पड़े एक चकमार्ग का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन पदाधिकारियों ने प्रशासन से चकमार्ग को तत्काल कब्जा मुक्त कराने की मांग की। बैठक में संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका पाल, जिला सचिव राजू विश्वकर्मा, प्रेम शंकर, सदाशिव विश्वकर्मा, मोतीलाल पासवान, फूलचंद पासवान, शांति देवी, सुमित्रा देवी, सोमवती, धुन्नपाल, राकेश कुमार, रेणु देवी, रामराज, संतोष कुमार पटेल, इंद्रपाल कोरी, राकेश कुमार पटेल, गंगा देवी, जयपाल सिंह यादव तथा रघुनाथ पाल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं मजदूर मौजूद रहे।